मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीएम पोषण योजना के तहत परिषदीय विद्यालयों में तैनात रसोइयों को रविवार को चार सुविधाओं की घोषणा लाइव कार्यक्रम के दौरान की। रसोइयों के मानदेय में एक हजार रुपये की बढ़ोतरी की गई है। अब उन्हें दो हजार के स्थान पर तीन हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलेगा। इसके साथ ही रसोइयों के लिए दो लाख के दुर्घटना बीमा की व्यवस्था की गई है। साथ ही रसोइयों और उनके परिवार के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा की व्यवस्था की गई है। इस सुविधा के तहत पांच लाख तक का उपचार रसोईया और उनके परिवार के सदस्य करा सकेंगे । इसके साथ ही रसोइयों के परिधान(ड्रेस) किट की व्यवस्था भी की गई है। जनपद में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद रसोइयों में उत्साह देखा गया। शहर के एक मैरिज होम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे भोगांव विधायक रामनरेश अग्निहोत्री ने कहा कि सरकार सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास लेकर के चल रही है। इसी के तहत मुख्यमंत्री ने रसोइयों को यह सुविधा उपलब्ध कराई है। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता ने कहा कि प्रदेश और केंद्र की सरकार देश और प्रदेश के लोगों के हित के कार्य कर रही है। कार्यक्रम में मौजूद जिला अध्यक्ष ममता राजपूत ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश को भयमुक्त प्रदेश बनाने का कार्य किया है। कार्यक्रम के दौरान मौजूद जिलाधिकारी डॉक्टर इंद्रमणि त्रिपाठी, मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु और बीएसए सूर्य प्रताप सिंह ने रसोइयों को चार सुविधा मिलने पर शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान भाजपा के जिला उपाध्यक्ष पंकज भदौरिया, अमित गुप्ता, जिला कोषाध्यक्ष विमल पांडेय सहित शिक्षक, रसोईया, जिला समन्वयक मध्यान भोजन शुभम सिंह, जिला समन्वयक प्रशिक्षण पुष्पेंद्र सिंह चौहान आदि मौजूद रहे । कार्यक्रम का संचालन राकेश कुमार ने किया।