आगरा। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों में 5-8 डिग्री सेल्सियस पारा बढ़ने के आसार जताए हैं। ऐसे में सीएमओ ने अलर्ट जारी किया है। रैपिड रिस्पांस टीम बना दी है। सीएचसी-पीएचसी पर ओआरएस, फ्लूड समेत अन्य दवाओं का स्टॉक किया है। सिर में दर्द, चक्कर आना और घबराहट की स्थिति बनने पर तत्काल नजदीकी अस्पताल में इलाज कराएं। 108, 102 एंबुलेंस सेवा पर फोन भी कर सकते हैं। सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि मौसम विभाग ने कुछ दिनों में पारा सामान्य से 8 डिग्री तक ज्यादा पहुंचने के आसार जताए हैं। ऐसे में चिकित्सकों को अलर्ट करते हुए 18 सीएचसी और 48 पीएचसी पर ओआरएस, आईवी फ्लूड, आइस पैक की व्यवस्था की है। रैपिड रिस्पांस टीम के नोडल अधिकारी डॉ. सुरेंद्र मोहन प्रजापति ने बताया कि आपात स्थिति पर 09458569043 और 0562-2600412 पर जानकारी दे सकते हैं।