आगरा के ट्रांस यमुना क्षेत्र के कालिंदी विहार स्थित पेठा नगरी पार्क परिसर में रविवार को सत्संग के बीच अधेड़ का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। स्थानीय निवासी महावीर सिंह ने बताया कि पार्क में हर रविवार साकार विश्व हरि का सत्संग होता है। रविवार दोपहर परिसर में अधेड़ का शव पड़ा मिला। इससे सत्संग में आए लोग दहशत में आ गए। पार्क में सुबह-शाम लोग दौड़ लगाने और खेलकूद के लिए आते हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि शाम होते ही परिसर में नशेबाजों का जमावड़ा लग जाता है। लोगों का निकलना भी दुश्वार हो गया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शव का एक तरफ से पिचका हुआ और नाक से खून निकल रहा था। एसीपी छत्ता श्वेता वर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया नशे में धुत युवक को पैर से ठोकर लगी और वह पत्थर पर जा गिरा, जिससे उसकी मौत हुई। पुलिस शव की शिनाख्त और मामले की जांच कर रही है।