भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने नगर निगमों और पंचायतों से जुड़े मामलों को लेकर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार स्थानीय निकायों में मनमाने फैसले लेकर लोकतांत्रिक व्यवस्था को प्रभावित कर रही है और चुने हुए जनप्रतिनिधियों को भी परेशान किया जा रहा है। सोलन में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत के दौरान बिंदल ने कहा कि नगर निगमों में महापौर और उपमहापौर के चुनाव को लेकर सरकार का रवैया निष्पक्ष नहीं है। उनका आरोप है कि कांग्रेस सरकार स्थानीय निकाय चुनावों में अपने राजनीतिक हितों के अनुसार निर्णय ले रही है। उन्होंने कहा कि सोलन नगर निगम के दो भाजपा पार्षदों के खिलाफ अवैध अतिक्रमण से जुड़ी शिकायत दर्ज की गई है और मामले में कार्रवाई का अधिकार डिविजनल कमिश्नर को सौंपा गया है। बिंदल ने इसे सरकार की तानाशाही बताते हुए कहा कि इस तरह की कार्रवाई से निर्वाचित जनप्रतिनिधि जनता के कार्य प्रभावी ढंग से नहीं कर पा रहे हैं। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि सरकार का यही रवैया जारी रहा तो पार्टी इस मुद्दे को लेकर सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक संस्थाओं और निर्वाचित प्रतिनिधियों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।