शहर के मंगलपुरा चौराहे पर शुक्रवार को गणेश विसर्जन के लिए आयोजित कार्यक्रम में मटकी का करतब दिखाते समय अचानक आग भड़क गई। हादसे में करतब में शामिल एक युवक समेत चार लोग झुलस गए। घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। घायलों को झालावाड़ अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। गंभीर रूप से घायल चंदन सरदार को एसआरजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गणेश विसर्जन कार्यक्रम के तहत बाहर से आए अखाड़े के कलाकार अलग-अलग करतब दिखा रहे थे। इसी दौरान मटकी में पेट्रोल की बोतल से आग लगाने का करतब किया जा रहा था। करतब के दौरान अचानक आग भड़क गई और वहां मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में रघुवीर, नितिन सिंह, विनीत पोरवाल और चंदन सरदार के घायल होने की जानकारी सामने आई है। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग की चपेट में आए लोगों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
ये भी पढ़ें: व्यापारी की मौत पर बूंदी में बाजार बंद: कार्रवाई नहीं होने से नाराज व्यापारी, अनिश्चितकालीन बंद की चेतावनी
घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में मटकी का करतब दिखाने के दौरान अचानक आग भड़कती दिखाई दे रही है। आग लगते ही वहां मौजूद लोग बचने के लिए इधर-उधर भागते नजर आ रहे हैं। हादसे के बाद आयोजन स्थल पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा, हालांकि बाद में स्थिति सामान्य हो गई और गणेश विसर्जन का कार्यक्रम जारी रहा।
घटना की जानकारी मिलने के बाद उपसभापति फारूक अहमद, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष संजय जैन, कांग्रेस नेता वीरेंद्र सिंह झाला, ओम पाठक समेत अन्य लोग अस्पताल पहुंचे और घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। घायल चंदन सरदार को आगे के उपचार के लिए एसआरजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।