चंडीगढ़ और ट्राईसिटी (मोहाली-पंचकुला) में रविवार दोपहर में अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। कई इलाकों में तेज बारिश शुरू हो गई, जिससे स्थानीय लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिली। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने अगले पांच दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। दोपहर के समय चंडीगढ़ और इसके आसपास के क्षेत्रों में अचानक काले बादल छा गए। देखते ही देखते गरज-चमक के साथ तेज बारिश का दौर शुरू हो गया। मोहाली और पंचकुला के कई हिस्सों में भी यही स्थिति रही। इस दौरान सड़कों पर पानी भर गया। पिछले कुछ दिनों से तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा था। लोग गर्मी से बेहाल थे। इस बारिश ने तापमान में गिरावट लाकर राहत का अहसास दिलाया। मौसम विभाग के अनुसार रविवार से लेकर 17 सितंबर तक ट्राईसिटी में बादल छाए रहेंगे। वहीं, भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण मौसम में यह परिवर्तन आया है। विभाग ने नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील की है। भारी बारिश से जलभराव, ट्रैफिक जाम और बिजली आपूर्ति प्रभावित हो सकती है। प्रशासनिक अधिकारी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं और जरूरत पड़ने पर राहत कार्य शुरू करने के लिए तैयार हैं। स्कूल-कॉलेज प्रशासन को भी मौसम अपडेट्स पर ध्यान रखने की सलाह दी गई है।