लुधियाना जिले के गांव हठूर में रविवार सुबह एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान बलकरन सिंह के रूप में हुई है। युवक की मौत के बाद गांव में नशे की ओवरडोज से मौत होने की चर्चा फैल गई। हालांकि, थाना हठूर की पुलिस ने इन चर्चाओं को अफवाह बताते हुए कहा कि युवक की मौत सोते समय साइलेंट अटैक आने से हुई है। थाना हठूर के एएसआई मनोहर लाल के मुताबिक, युवक की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। वहां मिली जानकारी के अनुसार, बलकरन सिंह सो रहा था और इसी दौरान उसे साइलेंट अटैक आया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने कहा कि बिना पूरी जानकारी के कुछ लोग नशे की ओवरडोज से मौत होने की अफवाह फैला रहे हैं। दूसरी ओर, गांव के कुछ निवासियों ने युवक की मौत के पीछे नशे की ओवरडोज होने की आशंका जताई है। पुलिस के दावे और ग्रामीणों की आशंका के चलते युवक की मौत को लेकर गांव में अलग-अलग चर्चाएं चल रही हैं। हालांकि, पोस्टमार्टम नहीं करवाए जाने के कारण मौत के वास्तविक कारण की चिकित्सकीय पुष्टि नहीं हो सकी है।