पुलिस कमिश्नरेट जालंधर के एसीपी वेस्ट आतिश भाटिया ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस के संज्ञान में एक वीडियो आया था, जिसमें एक व्यक्ति बुड्ढा मल्ल पार्क के पास, थाना भार्गव कैंप के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र में कथित तौर पर नशे के प्रभाव में दिखाई दे रहा था। वीडियो के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संबंधित व्यक्ति के खिलाफ छापेमारी की। उसकी पहचान वरुण उर्फ रवि कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, थाना भार्गव कैंप की टीम ने उसके पास से एनडीपीएस एक्ट से संबंधित नशीला पदार्थ बरामद किया है। इस बरामदगी के आधार पर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। एसीपी आतिश भाटिया के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पहले भी एक आपराधिक मामला दर्ज है, जिसके संबंध में वह कपूरथला जेल में बंद रह चुका है। अब ताजा बरामदगी के बाद उसके खिलाफ दोबारा एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आरोपी के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की भी जांच कर रही है, ताकि नशे की सप्लाई और उससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।