कमिश्नरेट पुलिस जालंधर ने नशा तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 120 लीटर अवैध ड्राफ्ट बीयर, 8 हुक्के और 8,800 प्रेगाबालिन कैप्सूल बरामद किए हैं। पुलिस ने अलग-अलग मामलों में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह के दिशा-निर्देशों और पंजाब सरकार द्वारा चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत की गई। डीसीपी इन्वेस्टिगेशन मनप्रीत सिंह ढिल्लों और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में थाना डिवीजन नंबर 8 की टीम ने एक्साइज इंस्पेक्टर को साथ लेकर पठानकोट चौक स्थित बिना लाइसेंस चल रहे हुक्का बार पर छापेमारी की। यहां से 8 हुक्के और 120 लीटर ड्राफ्ट बीयर बरामद हुई, जिसमें 50-50 लीटर के दो ड्रम और 20 लीटर का एक ड्रम शामिल है। मामले में थाना डिवीजन नंबर 8 में एक्साइज और कोटपा एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया। पुलिस ने हुक्का बार के मालिक शिवा ठाकुर पुत्र विजय कुमार, निवासी रेलवे रोड, धन मोहल्ला, जालंधर को गिरफ्तार किया। वहीं, 10 सितंबर को थाना डिवीजन नंबर 8 की टीम ने एक्साइज इंस्पेक्टर के साथ नूरपुर कॉलोनी स्थित एसपी मेडीकोज पर चेकिंग की। इस दौरान मेडिकल स्टोर से 8,800 प्रेगाबालिन कैप्सूल बरामद किए गए। इस मामले में थाना डिवीजन नंबर 8 में केस दर्ज कर पवन बजाज पुत्र सुभाष चंद्र, निवासी आकाश कॉलोनी, होशियारपुर रोड, जालंधर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनके फॉरवर्ड व बैकवर्ड लिंक खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने कहा कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।कमिश्नरेट पुलिस जालंधर ने कहा कि नशीली दवाओं की अवैध बिक्री, नशा तस्करी और बिना लाइसेंस चल रहे हुक्का बारों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई जारी रहेगी। मेडिकल स्टोरों, हुक्का बारों और अन्य संवेदनशील स्थानों की नियमित जांच की जा रही है, ताकि नशीली दवाओं के दुरुपयोग और युवाओं को नशे की ओर धकेलने वाली गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।