फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जालंधर मॉडल टाउन में सिक्योरिटी गार्ड से मारपीट: शराब ठेके और अहाते के कारिंदों पर हमला करने का आरोप, हालत नाजुक

महानगर के पाश एरिया मॉडल टाउन में शनिवार देर शाम एक सिक्योरिटी गार्ड के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि शराब ठेके के कारिंदों ने 62 वर्षीय सिक्योरिटी गार्ड रूप लाल के साथ मारपीट की, जिससे उनके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। घायल को पहले सिविल अस्पताल और बाद में निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।घायल के बेटे मनीष कुमार ने बताया कि शाम करीब 7:30 बजे उनकी मां का फोन आया कि पिता को चोट लगी है। जब वह सिविल अस्पताल पहुंचे तो रूप लाल के सिर में टांके लगाए जा रहे थे और वह ठीक से बात करने की स्थिति में नहीं थे। बाद में हालत में कुछ सुधार होने पर मेडिकल-लीगल प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया। परिजनों के अनुसार, रूप लाल पिछले करीब 5 वर्षों से सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी कर रहे हैं। जिस इमारत में वह ड्यूटी करते हैं, वहां नीचे शराब का ठेका और उसके ऊपर यूनिसेक्स सैलून है। आरोप है कि ठेके के बाहर शराब पिलाए जाने को लेकर रूप लाल ने कर्मचारियों को रोकने का प्रयास किया, जिसके बाद विवाद हुआ और कथित तौर पर उनके साथ मारपीट की गई। सैलून कर्मचारी गुरप्रीत सिंह ने बताया कि सैलून में परिवार और महिलाएं भी आती हैं, जबकि शराब ठेके से जुड़े अहाते के अलावा बाहर भी शराब पिलाए जाने का आरोप है। उन्होंने दावा किया कि इस संबंध में पहले भी विरोध किया गया था। सैलून की महिला कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि कुछ युवक कथित तौर पर धारदार हथियार लेकर सैलून में घुस आए और धमकियां दीं। कर्मचारियों के अनुसार, सिक्योरिटी गार्ड रूप लाल ने विरोध किया तो उन्हें कथित तौर पर ऐसी जगह ले जाया गया, जहां सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा था, और वहां मारपीट की गई। महिला कर्मचारियों ने कहा कि शराब ठेके के कारण बाहर अक्सर लोग शराब पीते हैं, जिससे उन्हें काम करने में असुरक्षा महसूस होती है। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई है। मामले की सूचना मिलने के बाद थाना मॉडल टाउन पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पहले घायल के बयान दर्ज किए जाएंगे और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले में मारपीट के आरोपों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें