जालंधर के बस्ती शेख इलाके में देर रात एक कन्फेक्शनरी की दुकान में भीषण आग लगने से अंदर रखा सामान जलकर राख हो गया। हादसे में दुकानदार को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। पीड़ित दुकानदार सौरव ने फायर ब्रिगेड की गाड़ियों के देरी से पहुंचने पर सवाल उठाते हुए प्रशासन से मामले की जांच की मांग की है। दुकानदार सौरव ने बताया कि रात करीब 2:30 से 3 बजे के बीच उन्हें सूचना मिली कि उनकी दुकान में आग लग गई है। पड़ोस में स्थित वर्मा बेकरी के संचालक और दुकान पर काम करने वाले एक कर्मचारी ने उन्हें इसकी जानकारी दी। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि दुकान में रखा सामान आग की चपेट में आ चुका था। सौरव के मुताबिक, उन्होंने फायर ब्रिगेड से संपर्क करने के लिए करीब आधे से पौने घंटे तक कोशिश की, लेकिन दमकल की गाड़ियां काफी देर से मौके पर पहुंचीं। बाद में फायर ब्रिगेड की करीब दो गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया। दुकानदार का कहना है कि यदि दमकल की गाड़ियां समय पर पहुंच जातीं, तो नुकसान को कम किया जा सकता था। उन्होंने बताया कि अपने छोटे भाई के साथ मिलकर 17 अगस्त 2026 को किराये पर दुकान ली थी। ‘भोला मिल्क बार एंड कन्फेक्शनरी’ के नाम से संचालित इस दुकान के लिए उनके पास दुकान नंबर 2 और 3 का एग्रीमेंट है। सौरव के अनुसार, दुकान में करीब साढ़े चार से पांच लाख रुपये का सामान लगाया गया था। इसके अलावा, दुकान लेने के लिए उन्होंने 6 लाख 80 हजार रुपये का भुगतान भी किया था। आग की घटना से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। दुकानदार ने बताया कि शुरुआती तौर पर फायर ब्रिगेड की ओर से आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल, आग लगने के कारणों और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। दुकानदार ने प्रशासन से घटना की निष्पक्ष जांच कराने और दमकल की गाड़ियों के पहुंचने में हुई देरी की पड़ताल करने की मांग की है। इस मामले में अभी तक फायर अधिकारियों का आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।