राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) एम.एफ. फारूकी ने शनिवार को जालंधर स्थित पीएपी परिसर से राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस रैली का उद्देश्य देश की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देना है। इसमें देश के विभिन्न राज्यों के मोटरसाइकिल सवारों को एक साझा मंच पर लाया जाएगा। एडीजीपी एम.एफ. फारूकी ने बताया कि पंजाब पुलिस का 10 मोटरसाइकिल सवारों का दस्ता, सहायक स्टाफ के साथ, इस अभियान में भाग ले रहा है। यह दस्ता 21 अक्टूबर को नई दिल्ली पहुंचेगा, जहां देशभर के अन्य मोटरसाइकिल सवार भी रैली में शामिल होंगे। इसके बाद राष्ट्रीय स्तर की रैली को रवाना किया जाएगा, जो 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित परेड में भाग लेगी। इस यात्रा के दौरान पंजाब पुलिस की टीम राष्ट्रीय एकता का संदेश देने के साथ-साथ नशे के खिलाफ भी व्यापक जागरूकता अभियान चलाएगी। मोटरसाइकिल सवार स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर रुककर लोगों, विशेषकर युवाओं से सीधा संवाद करेंगे। इस दौरान शैक्षिक एवं प्रेरणादायक सामग्री के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।एडीजीपी फारूकी ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य देश के युवाओं को आपस में जोड़ना, नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना और राष्ट्र के भविष्य में उनकी सकारात्मक एवं सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।