खुद को सीआईए स्टाफ का मुलाजिम बताकर एक घर की तलाशी लेने की कोशिश करने वाले व्यक्ति को थाना भार्गो कैंप पुलिस ने काबू किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ अज्ञात व्यक्ति खुद को सीआईए स्टाफ का कर्मचारी बताकर एक घर की तलाशी ले रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और स्थानीय लोगों की मदद से एक व्यक्ति को पकड़ लिया। एसीपी वेस्ट जालंधर आतिश भाटिया ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति की पहचान करण कुंद्रा, निवासी बस्ती गुजां, जालंधर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी द्वारा अपनी झूठी पहचान बताकर पुलिस/सीआईए स्टाफ का कर्मचारी होने का दावा करते हुए एक घर की तलाशी लेने का प्रयास किया जा रहा था। सूचना मिलने के बाद थाना भार्गो कैंप की पुलिस पार्टी तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपी को काबू कर लिया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी घर की तलाशी लेने के पीछे किस उद्देश्य से पहुंचा था और उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं। पुलिस जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि करण कुंद्रा के खिलाफ पहले से एनडीपीएस के तहत एक मामला दर्ज है। पुलिस उसके पुराने रिकॉर्ड और मौजूदा मामले में उसकी भूमिका की भी जांच कर रही है। आरोपी के खिलाफ पुलिस द्वारा बनती कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है और मामले में केस दर्ज किया जा रहा है। पुलिस पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। कमिश्नरेट पुलिस जालंधर ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति खुद को पुलिस या किसी सरकारी विभाग का कर्मचारी बताकर संदिग्ध तरीके से कार्रवाई करने का प्रयास करता है, तो उसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दी जाए। पुलिस ने लोगों से ऐसे मामलों में सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस तक पहुंचाने की अपील की है, ताकि फर्जी पहचान बनाकर लोगों को गुमराह करने या घरों में तलाशी के बहाने प्रवेश करने वालों के खिलाफ समय पर कार्रवाई की जा सके।