मोगा जिले के थाना निहाल सिंह वाला के अंतर्गत आने वाले गांव खोटे में नशा कर रहे एक युवक को रोकना दूसरे नौजवान को भारी पड़ गया। आरोप है कि नशा करने से रोकने पर युवक ने पहले गाली-गलौज शुरू कर दी और फिर नौजवान के साथ मारपीट करने लगा। इसी दौरान आरोपी के परिवार के सदस्य भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने भी नौजवान की बुरी तरह पिटाई कर दी। मारपीट में घायल नौजवान को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। घटना के बाद घायल युवक जगसीर सिंह की मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने घायल जसकरन सिंह के बयान दर्ज करने के बाद सुखजीवन सिंह, बुट्टा सिंह, किसटम कौर और जोबन सिंह, सभी निवासी गांव खोते, के खिलाफ थाना निहाल सिंह वाला में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 126(2), 351(2) और 115(2) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।