जिले में पराली जलाने की घटनाओं को रोकने और किसानों को फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन करने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से डिप्टी कमिश्नर दीपशिखा शर्मा, एसएसपी भूपिंदर सिंह सिद्धू और मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. बलविंदर सिंह ने विभिन्न गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने गांव चक्क सोमियां, कोहर सिंह वाला, चक्क जमींत सिंह वाला और चुग्गा में किसानों से बातचीत कर पराली प्रबंधन के तरीकों की जानकारी दी। डिप्टी कमिश्नर ने किसानों से अपील की कि वे पराली को आग लगाने के बजाय खेतों में ही मिलाएं। इससे मिट्टी की उपजाऊ शक्ति बढ़ेगी और पर्यावरण को प्रदूषण से बचाया जा सकेगा। गांव चुग्गा के प्रगतिशील किसान सतविंदर सिंह बराड़ और हरमनजीत सिंह बराड़ ने बताया कि उन्होंने मल्चर और पराली प्रबंधन तकनीक की मदद से करीब 65 एकड़ क्षेत्र में गेहूं की बिजाई की है। इस तकनीक से खेती की लागत और खादों की खपत कम करने के साथ मिट्टी की सेहत में भी सुधार होता है। डीसी ने किसानों के प्रयासों की सराहना करते हुए अन्य किसानों को भी उनसे प्रेरणा लेने को कहा। इसके अलावा गांव चक्क सोमियां में गुरविंदर सिंह, टेक सिंह, झरमल सिंह और सुखदर्शन सिंह से भी बातचीत की गई। डीसी ने इसी गांव में डंप मालिक कुलदीप सिंह भारवा के डंप का निरीक्षण किया, जहां अब तक करीब 1,350 मीट्रिक टन पराली जमा की जा चुकी है। उन्होंने किसानों से पराली न जलाने और कृषि विभाग की ओर से उपलब्ध करवाई जा रही मशीनरी व वैकल्पिक तकनीकों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।