पठानकोट-डलहौजी नेशनल हाईवे स्थित धारकलां ब्लॉक के अंतर्गत आने वाली फर्षी खड्ड के किनारों पर संबंधित विभाग की ओर से डंगे बनाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। बरसात की वजह से सड़क किनारे धंस भी चुके थे। बारिश के मौसम में इस मार्ग पर पानी के बहाव और सड़क किनारों के कमजोर होने के कारण हादसों का खतरा बना रहता था। ऐसे में हाईवे अथॉरिटी की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए सड़क किनारों को मजबूत करने का काम करवाया जा रहा है। बरसात के दिनों में पहाड़ी क्षेत्रों से आने वाला पानी सड़क के रास्ते फर्षी खड्ड में पहुंचता है। कई बार पानी का तेज बहाव सड़क पर आ जाने से यातायात प्रभावित होता रहा है। वहीं, सड़क किनारों पर पानी के कटाव के कारण वाहन चालकों के लिए भी खतरा बना रहता था। स्थानीय लोगों के मुताबिक इस क्षेत्र में पहले भी सड़क और खड्ड से जुड़े हादसे सामने आ चुके हैं। बताया जा रहा है कि संबंधित विभाग की ओर से करीब एक महीने पहले डंगे बनाने का कार्य शुरू करवाया गया था। सड़क किनारों को पक्का और मजबूत करने के लिए निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। काम करने वाले कर्मियों के अनुसार आगामी 20 से 25 दिनों के भीतर यह कार्य पूरा होने की उम्मीद है। स्थानीय लोगों की लंबे समय से मांग थी कि फर्षी खड्ड के आसपास सड़क किनारों को पक्के तौर पर मजबूत किया जाए, ताकि बारिश के दौरान पानी के बहाव से सड़क को होने वाले नुकसान को रोका जा सके और वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो। डंगे बनने के बाद बारिश के मौसम में सड़क के कटाव और पानी के कारण यातायात प्रभावित होने की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है।