कपूरथला नगर निगम के वॉर्ड नंबर 19 के तहत आते औजला फाटक, फैक्टरी एरिया, मंगी मोहल्ला और ठाकुर नगर के निवासी पिछले तीन-चार महीनों से पेयजल की समस्या से परेशान हैं। लोगों का कहना है कि वॉर्ड में नगर निगम की ओर से लगाया गया वाटर पंप उनकी जरूरत के मुताबिक पानी की सप्लाई नहीं कर पा रहा है। कम प्रेशर के कारण कई घरों में पानी की सीधी सप्लाई नहीं पहुंच रही। मोहल्ला निवासी दीपक औजला, तलविंदर सिंह, पूजा रानी, प्रदीप कुमार, प्रेम प्रसाद, राधा रानी, विष्णु प्रसाद, अशोक कुमार और अन्य लोगों ने बताया कि उन्होंने घरों में पानी की सप्लाई के लिए टुल्लू पंप लगाए हुए थे, लेकिन अब टुल्लू पंपों के जरिए भी पानी आना लगभग बंद हो गया है। कई बार लोगों को आसपास के घरों से पानी लेकर अपना काम चलाना पड़ रहा है।