कोटकपूरा शहर में जगह-जगह लगे कूड़े के ढेरों के कारण लोगों की परेशानियां बढ़ती जा रही हैं। पिछले लंबे समय से कई कूड़ा डंपों की सफाई नहीं होने के कारण इनसे आने वाली दुर्गंध से लोग परेशान हैं। वहीं, कूड़े के ढेरों के कारण बीमारियां फैलने का खतरा भी बना हुआ है। जानकारी के अनुसार, कोटकपूरा शहर में कूड़े की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। नगर काउंसिल के पास कूड़ा डंप करने के लिए अपनी कोई स्थायी जमीन नहीं है। जिन जगहों पर पहले कूड़ा डंप किया जाता था, वे अब आबादी वाले इलाकों में आ चुकी हैं। इसके चलते रोजाना एकत्र होने वाला कूड़ा कई-कई दिनों तक डंपों पर पड़ा रहता है। शहर के विभिन्न इलाकों में कूड़े के डंप गंदगी से भरे पड़े हैं। इनके आसपास रहने वाले लोगों और दुकानदारों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि वे कई बार नगर काउंसिल के अधिकारियों को इस समस्या से अवगत करवा चुके हैं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। लोगों ने बताया कि घरों और दुकानों के पास लगे कूड़े के ढेरों से दिनभर दुर्गंध आती रहती है, जिसके कारण खाना-पीना भी मुश्किल हो जाता है। उन्होंने मांग की कि कूड़ा डंपों की नियमित सफाई करवाने के साथ-साथ कूड़ा डंप करने के लिए स्थायी जगह का प्रबंध किया जाए। इस संबंध में नगर काउंसिल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुखजिंदर सिंह तख्खी ने बताया कि पिछली नगर काउंसिल द्वारा कूड़ा डंप करने के लिए कोई पुख्ता प्रबंध नहीं किए गए, जिसके कारण लोगों को इस समस्या का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अब आम आदमी पार्टी द्वारा नगर काउंसिल का कार्यकाल संभाल लिया गया है और कूड़ा डंप करने के लिए जमीन खरीदने या ठेके पर लेने संबंधी प्रस्ताव पास किया गया है। उन्होंने बताया कि जल्द ही जमीन का प्रबंध कर लोगों की इस समस्या का स्थायी समाधान किया जाएगा।