मानसा में परविंदर सिंह झोटा की हत्या के मामले को लेकर विभिन्न संगठनों की ओर से दिए गए पंजाब बंद के आह्वान का कंडी क्षेत्र के तलवाड़ा और हाजीपुर में मिला-जुला असर देखने को मिला। तलवाड़ा के मुख्य बाजार में सुबह अधिकांश दुकानें खुली रहीं, लेकिन करीब 10 बजे स्थानीय गुरु सिंह सभा और विभिन्न संगठनों से जुड़े कार्यकर्ताओं ने दुकानदारों से बंद में सहयोग करने की अपील की। इसके बाद बाजार की दुकानें दोपहर 1:30 बजे तक बंद रहीं। इस दौरान स्थानीय बाजार में स्थित पंजाब नेशनल बैंक,पंजाब एण्ड सिंध बैंक व एचडीएफसी बैंक भी बंद रहे। इसके पश्चात तलवाड़ा के मुख्य बाजार, पुराना बस स्टैंड, संसारपुर टेरेस चौक, दौलतपुर रोड तथा सेक्टर नंबर एक, दो और तीन में स्थित दुकानें दोबारा खुल गईं।