कोटकपूरा के मुक्तसर रोड पर तेज रफ्तार कैंटर की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान कोठे धालीवाल निवासी जरनैल सिंह पुत्र हरमेल सिंह के रूप में हुई है। हादसा मंगलवार शाम को हुआ, जिसकी सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। जानकारी के अनुसार जरनैल सिंह मोटरसाइकिल पर कोठे धालीवाल से गांव कोठे वड़िंग में अपनी बहन से मिलने जा रहा था। जब वह मुक्तसर रोड पार कर रहा था, तभी मुक्तसर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार कैंटर की चपेट में आ गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल जरनैल सिंह को तुरंत कोटकपूरा के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, फरीदकोट रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। कोठे धालीवाल के पूर्व सरपंच कृष्ण कुमार ने सरकार और प्रशासन से मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मुक्तसर रोड पर लगातार बढ़ रहे यातायात को देखते हुए सड़क पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके। थाना सिटी के एसएचओ सुखविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। मृतक के परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। उनके बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।