महंगाई और आर्थिक परेशानियों के बीच मेहनत-मजदूरी कर परिवार का गुजारा करने वाले कोटकपूरा के एक परिवार की किस्मत महज 7 रुपये की लॉटरी टिकट से चमक गई। सिक्किम सरकार की लॉटरी में बिमला देवी के नाम से खरीदी गई टिकट पर एक करोड़ रुपये का इनाम निकला है। बड़ी राशि जीतने की खबर मिलते ही परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई और बधाई देने वालों का तांता लग गया। जानकारी के अनुसार, बिमला देवी एक दिन पहले रेलवे रोड पर सामान खरीदने आई थीं। इसी दौरान उन्होंने रेलवे स्टेशन के पास स्थित नरेश मोंगा के स्टार लॉटरी स्टाल से 7 रुपये की लॉटरी टिकट खरीदी थी। अगले दिन लॉटरी का परिणाम घोषित होने पर टिकट पर एक करोड़ रुपये का इनाम निकलने की जानकारी मिली। स्टाल संचालक की सूचना के बाद परिवार के सदस्य वहां पहुंचे। इस खुशी के मौके पर दुकानदार ने उनका मुंह मीठा करवाकर बधाई दी। परिवार ने भंगड़ा डालकर अपनी खुशी का इजहार किया। बच्चों के भविष्य को बेहतर बनाने की उम्मीद बिमला देवी ने बताया कि उनका परिवार मेहनत-मजदूरी करके अपना गुजारा करता है। ऐसे में एक करोड़ रुपये का इनाम मिलने से परिवार की आर्थिक परेशानियां दूर करने में काफी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि अभी तक इनाम की राशि को लेकर कोई अंतिम योजना नहीं बनाई गई है। परिवार के सदस्यों से सलाह करने के बाद बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए कोई कारोबार शुरू करने पर विचार किया जाएगा, ताकि उन्हें बेहतर जीवन और रोजगार के अवसर मिल सकें। छह महीने पहले शुरू किया था लॉटरी का कारोबार स्टाल संचालक नरेश मोंगा ने बताया कि वह पिछले छह महीनों से लॉटरी का कारोबार कर रहे हैं। कुछ समय पहले ही उन्होंने अपनी दुकान रेलवे स्टेशन के पास शिफ्ट की थी। उनके अनुसार, स्टाल से पहले भी लाखों रुपये के कई इनाम निकल चुके हैं, लेकिन एक करोड़ रुपये का इनाम पहली बार निकला है। उन्होंने विजेता परिवार को बधाई देते हुए कहा कि यह उनके कारोबार के लिए भी खुशी का अवसर है।