मानसा के परमिंदर सिंह झोटा की हत्या के मामले में इंसाफ की मांग को लेकर फरीदकोट में विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ताओं ने आम आदमी पार्टी के विधायक गुरदित सिंह सेखों के आवास के बाहर धरना दिया। एक्शन कमेटी के आह्वान पर किए गए इस प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पंजाब सरकार के खिलाफ रोष जताया और अपनी मांगों को लेकर लाहनत पत्र सौंपा। प्रदर्शन में शामिल नेताओं ने कहा कि परमिंदर सिंह झोटा की हत्या के मामले को केवल नशा तस्करी से जुड़ी घटना मानकर सीमित नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने आशंका जताई कि इस मामले में अन्य प्रभावशाली लोगों की भूमिका भी हो सकती है। इसलिए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर सच्चाई सामने लाई जानी चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने मामले की केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से जांच करवाने तथा मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और डीजीपी गौरव यादव के इस्तीफे की मांग की। नेताओं ने कहा कि एक्शन कमेटी इन मांगों को लेकर संघर्ष कर रही है और इसी कड़ी में पंजाबभर में आम आदमी पार्टी के विधायकों के आवासों के बाहर प्रदर्शन कर लाहनत पत्र सौंपे जा रहे हैं। इस मौके पर किसान नेता राजिंदर सिंह दीप सिंह वाला ने कहा कि नशे के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाने का समय आ चुका है। प्रदर्शनकारियों ने मामले में इंसाफ सुनिश्चित करने और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच करवाने की मांग की।