किसान मजदूर मोर्चे के आह्वान पर किसान मजदूर संघर्ष कमेटी पंजाब के जिला फिरोजपुर के सैकड़ों किसानों और मजदूरों ने वीरवार को मल्लांवाला रेलवे ट्रैक पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया। धरने की अध्यक्षता जिला प्रधान इंद्रजीत सिंह बाठ ने की। इस दौरान किसान नेताओं सुखविंदर सिंह सभरा, धर्म सिंह सिद्धू और सरजीत सिंह फौजी ने कहा कि 31 अगस्त को पंजाबभर में डीसी कार्यालयों के सामने धरने देकर सरकार को मांगपत्र सौंपे गए थे। इसके बाद 14 सितंबर से मंत्रियों के घरों के बाहर शांतिपूर्ण धरने दिए जा रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी मांगों को नजरअंदाज कर रही है। किसान नेताओं ने मांग की कि केरल की तर्ज पर फसलों की एमएसपी की गारंटी दी जाए और आबादकार किसानों को पक्के मालिकाना हक दिए जाएं। किसानों-मजदूरों का संपूर्ण कर्ज माफ करने, बाढ़ से हुए नुकसान का तुरंत मुआवजा देने और लैंड पूलिंग नीति रद्द करने की मांग भी की गई। उन्होंने बिजली संशोधन बिल 2025 रद्द करने, स्मार्ट मीटर लगाने बंद करने, गन्ने के बकाया भुगतान जारी करने और भारत-अमेरिका ट्रेड डील रद्द करने की मांग उठाई। इसके अलावा नशा तस्करों पर कार्रवाई, सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार रोकने तथा युवाओं को रोजगार देने की मांग की गई। धरने में रंजीत सिंह खच्चर वाला, नरेंद्रपाल सिंह जताला, अमनदीप सिंह कच्चरभन्न सहित कई किसान नेता मौजूद रहे।