फरीदकोट में जिला कांग्रेस कमेटी ने तुरबंजारा गांव के गुलजार सिंह आत्महत्या मामले को लेकर पंजाब सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग करते हुए उनका पुतला फूंका और जमकर नारेबाजी की। इसके बाद रोष मार्च निकालकर कांग्रेस कार्यकर्ता मिनी सचिवालय पहुंचे और डीएसपी जगतार सिंह को ज्ञापन सौंपा। पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला कांग्रेस प्रधान नवदीप सिंह बब्बू बराड़ के दिशा-निर्देशों में हुए प्रदर्शन का नेतृत्व वरिष्ठ नेता सुरजीत सिंह बाबा, मनप्रीत सिंह सेखों और डबलजीत सिंह ने किया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि गुलजार सिंह आत्महत्या मामले में साक्ष्य सामने आने के बावजूद वित्त मंत्री के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा रही। वरिष्ठ नेता डबलजीत सिंह ने दावा किया कि गुलजार सिंह ने मौत से पहले बनाए वीडियो में वित्त मंत्री समेत कुछ लोगों को जिम्मेदार ठहराया था। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की।