कोटकपूरा में अमृतसर-बठिंडा नेशनल हाईवे पर खड़े कैंटर से पीछे से आ रहा ट्रक टकरा गया। हादसे में दोनों वाहनों के ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को फरीदकोट के गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, बठिंडा की ओर से पशुओं की खुराक लेकर आ रहा कैंटर कोटकपूरा के पास अचानक खराब हो गया था और चालक ने उसे सड़क किनारे खड़ा कर दिया। इसी दौरान पीछे से आए ट्रक ने कैंटर को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा। हादसे में ट्रक चालक जम्मू निवासी प्रवीण कुमार और कैंटर चालक मौड़ मंडी निवासी जसवीर सिंह घायल हुए हैं। सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स के एएसआई संतोख सिंह, हवलदार मनवीर सिंह सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों चालकों को वाहनों से बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। एएसआई संतोख सिंह के अनुसार, दोनों घायल उपचाराधीन हैं। मामले की आगे की जांच कोटकपूरा पुलिस द्वारा की जाएगी।