कोटकपूरा के गांव पंजगराईं कलां के किसान गुरजीत सिंह के लिए एक छोटी सी लॉटरी टिकट बड़ी खुशखबरी लेकर आई। पंजाब सरकार की मासिक बंपर लॉटरी में उनकी 200 रुपये की टिकट पर 5 लाख रुपये का इनाम निकला है। गुरजीत सिंह ने यह टिकट कोटकपूरा के गुरुद्वारा टोडा चौक स्थित शर्मा लॉटरी स्टॉल से खरीदी थी। गुरजीत सिंह के मुताबिक वह अपनी कार की सर्विस करवाने के लिए कोटकपूरा आए थे। कार को वर्कशॉप में छोड़ने के बाद वह दोस्तों के साथ शहर में घूम रहे थे। इसी दौरान एक दोस्त ने लॉटरी टिकट खरीदी। उसे टिकट खरीदते देख गुरजीत सिंह ने भी 200 रुपये की टिकट ले ली। कुछ समय बाद जब उन्हें टिकट पर 5 लाख रुपये का इनाम निकलने की जानकारी मिली तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। इनाम निकलने के बाद गुरजीत सिंह शर्मा लॉटरी स्टॉल पर पहुंचे और परमात्मा का शुक्रिया अदा किया। स्टॉल संचालक अमित शर्मा ने बताया कि उनके यहां से पहले भी कई बड़े इनाम निकल चुके हैं। इस अवसर पर आप नेता बिट्टा नरूला, भाजपा नेता शाम लाल मैंगी सहित अन्य शहरवासियों ने गुरजीत सिंह को बधाई दी।