पंजाब में गुरुवार सुबह माैसम बदल गया। मोहाली समेत सूबे के कई जिलों में बादल छाए हुए हैं। ठंडी हवा से उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। वहीं मोगा में सुबह तेज बारिश हुई। बिजली संकट के बीच हुई इस बारिश से किसानों को राहत मिली है। पंजाब में बिजली संकट जारी है। रोपड़ पावर प्लांट की दो यूनिट अभी बंद हैं जबकि तलवंडी साबो प्लांट की एक यूनिट आधी क्षमता पर चल रही है। ऐसे में प्रदेश में आगे भी लोगों को बिजली किल्लत का सामना करना पड़ सकता है। बुधवार को राज्य में बिजली की अधिकतम मांग 16,679 मेगावाट दर्ज की गई। यह पिछले साल के मुकाबले 370 मेगावाट अधिक है। 2025 में इसी दिन मांग 16,309 मेगावाट रही थी। रोपड़ प्लांट में मंगलवार को दो यूनिट बंद थीं। बुधवार सुबह तीसरी यूनिट भी बंद हो गई थी। हालांकि बाद में एक यूनिट को ठीक कर लिया गया। अब भी दो यूनिट बंद हैं। तलवंडी साबो प्लांट की 660 मेगावाट क्षमता वाली एक यूनिट केवल 330 मेगावाट पर चल रही है। इसके चलते प्रदेश के कई जिलों में बुधवार को भी बिजली कटौती हुई।