अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने नशा तस्करी और अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 पिस्तौल, 1.022 किलोग्राम हेरोइन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में नेटवर्क के पाकिस्तान में बैठे तस्करों से संपर्क होने की आशंका सामने आई है। पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि यह कार्रवाई अमृतसर के कैंटोनमेंट इलाके में की गई। बरामद हथियारों में तीन ग्लॉक 9 एमएम और सात .30 बोर पिस्तौल शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजबीर सिंह उर्फ राजा, गौतम उर्फ अजय और रवि शेर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी राजबीर सिंह उर्फ राजा प्लंबर और गौतम उर्फ अजय बाउंसर का काम करता है, जबकि तीसरा आरोपी रवि शेर सिंह मजदूरी करता है। राजबीर के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत पांच मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। वहीं, गौतम के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत दो मामले दर्ज बताए गए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी कथित तौर पर इंस्टाग्राम के माध्यम से संपर्क कर हथियारों की सप्लाई करते थे। पुलिस को संदेह है कि ये हथियार आपराधिक वारदातों को अंजाम देने वाले और फिरौती मांगने वाले लोगों तक पहुंचाए जाते थे। पुलिस के मुताबिक, नेटवर्क के कुछ सदस्य सीमा पार बैठे तस्करों के संपर्क में थे। इस संबंध में थाना कैंटोनमेंट में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब नेटवर्क के आगे और पीछे के संपर्कों की जांच कर रही है, ताकि हथियारों और हेरोइन की सप्लाई के स्रोतों तथा इसमें शामिल अन्य लोगों का पता लगाया जा सके।