शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) की अंतरिंग कमेटी ने बंदी सिंहों की रिहाई और पैरोल सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित करने का फैसला लिया है। SGPC सदस्य गुरप्रीत सिंह झब्बर ने बताया कि भाई जगतार सिंह हवारा समेत सभी बंदी सिंहों की रिहाई और पैरोल के लिए 27 अगस्त से श्री अखंड पाठ साहिब शुरू होंगे, जिनका 29 अगस्त को भोग डाला जाएगा। उन्होंने बताया कि SGPC अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी और कार्यकारिणी ने भाई गुरदास जी तथा शहीद भाई मनी सिंह जी की यादगारें स्थापित करने को भी मंजूरी दी है। झब्बर ने सिख नरसंहार के मुद्दे पर कांग्रेस पार्टी और गांधी परिवार को घेरते हुए कहा कि सिख समुदाय को अब तक न्याय नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अकाल तख्त साहिब पर हुए हमलों और सिख नरसंहार के लिए जिम्मेदार लोगों को लेकर अपना पश्चाताप व्यक्त करना चाहिए। उन्होंने बताया कि मीरी-पीरी खालसा मार्च के दूसरे चरण की शुरुआत 28 अगस्त को सुबह साढ़े आठ बजे तख्त श्री दमदमा साहिब से होगी। इसमें तख्त साहिबान के जत्थेदार, पंथक शख्सियतें और बड़ी संख्या में संगत शामिल होगी। मार्च के माध्यम से नशे के खिलाफ और पंथक मर्यादा की बहाली का संदेश दिया जाएगा।