पंजाब सरकार के निर्देशों के तहत जिले में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीन अभियान की शुरुआत मंगलवार को सिविल अस्पताल अमृतसर से की गई। कार्यक्रम की अगुवाई सिविल सर्जन डॉ. सतिंदरजीत सिंह बजाज ने की। डॉ. बाजाज ने बताया कि यह वैक्सीन 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के उद्देश्य से लगाई जाएगी। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार का लक्ष्य वर्ष 2030 तक सर्वाइकल कैंसर के मामलों में उल्लेखनीय कमी लाना है। इसके लिए जिलेभर में चरणबद्ध तरीके से टीकाकरण किया जाएगा। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. रश्मि ने बताया कि इस टीकाकरण का पूरा रिकॉर्ड यू-विन पोर्टल पर दर्ज किया जाएगा। 3 मार्च 2026 से इस वैक्सीन को नियमित टीकाकरण सूची में शामिल कर लिया गया है। इस अवसर पर वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. रजनीश कुमार, डिप्टी मेडिकल अधिकारी डॉ. प्रीतविन, जिला एमईआईओ अमरदीप सिंह सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।