मजीठा विधानसभा क्षेत्र में सरपंच जतिंदर सिंह और उनके परिवार को लेकर चल रहे विवाद के बीच आम आदमी पार्टी के हलका इंचार्ज तलवीर सिंह गिल ने विरोधी नेताओं पर निशाना साधा। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने विपक्ष पर झूठी राजनीति करने और निजी विवादों को राजनीतिक रंग देने के आरोप लगाए। हालांकि, ये आरोप तलवीर गिल और संबंधित परिवार की ओर से लगाए गए हैं। तलवीर गिल ने जतिंदर सिंह और उनके परिवार की पुरानी तस्वीरें, वीडियो और दस्तावेज पेश करते हुए कहा कि यह परिवार लंबे समय से गुरसिखी और समाजसेवा से जुड़ा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले यह परिवार विरोधी नेताओं के करीब था, लेकिन उनका साथ छोड़ने के बाद अब उन्हें बदनाम करने के लिए गुंडे, गैंगस्टर और आतंकवादी जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया जा रहा है। इस दौरान जतिंदर सिंह की पत्नी हरमीत कौर ने भी परिवार का पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि गांवों में होने वाले निजी झगड़ों और पंचायत चुनावों से जुड़े विवादों को राजनीतिक रूप दिया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि परिवार के खिलाफ झूठे मामले दर्ज करवाने और डर का माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है। तलवीर गिल ने विरोधी नेताओं को चुनौती दी कि यदि उनके पास आरोपों के ठोस सबूत हैं तो वे उन्हें अदालत या संबंधित कानूनी मंच पर पेश करें। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी विकास और जनसेवा की राजनीति करती रहेगी।