अमृतसर में लव मैरिज को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट होने का मामला सामने आया है। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है, जो अब सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार युवक-युवती ने आपसी सहमति से लव मैरिज कर ली थी। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच विवाद पैदा हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और गली में ही एक-दूसरे पर लाठियों और डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में कई लोगों को चोटें आई हैं। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कई लोग एक व्यक्ति को घेरकर मारपीट कर रहे हैं। वहीं एक महिला ने भी सामने आकर अपने साथ हुई मारपीट की जानकारी दी है। सूत्रों के अनुसार घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।