अमृतसर शहरी पुलिस ने नशा तस्करी से जुड़े एक अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से 4.13 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। आरोपियों की पहचान आतिश सुमन निवासी कपूरथला और सविंदर सुंदरी निवासी भोपा राय कलां अमृतसर के रूप में हुई है। सविंदर पेशे से ड्राइवर है और आतिश मैकेनिक। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले भी मामले दर्ज हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी यूके में बैठे हैंडलरों और जेल में बंद व्यक्तियों के संपर्क में थे। आरोपी सीमापार से नशे की खेप मंगवाकर मझा और दोआबा क्षेत्र में सप्लाई करते थे। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि इस संबंध में थाना सुल्तानविंड में मामला दर्ज कर नेटवर्क की अन्य कड़ियों को जोड़ने के प्रयास जारी हैं। उन्होंने बताया कि जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी नशे की खेप की सप्लाई के लिए अलग-अलग रूट और वाहनों का इस्तेमाल करते थे ताकि पुलिस की निगरानी से बचा जा सके। पुलिस अब इनके वित्तीय लेन-देन और संपर्कों की भी पड़ताल कर रही है।