खंडवा पुलिस ने वाहन चोरी के एक अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र के विभिन्न जिलों से चोरी की गई 61 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद वाहनों की कुल कीमत करीब 30 लाख रुपये आंकी गई है। दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं को देखते हुए थाना कोतवाली और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई थी। टीम ने घटनास्थलों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दो संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ में उनकी पहचान विशाल राठौर निवासी भीकनगांव, जिला खरगोन और बबलू बारेला निवासी ग्राम धनोरी, जिला बड़वानी के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों से वाहन चोरी के गिरोह से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए। उनकी निशानदेही पर खंडवा से 7 मोटरसाइकिलों के अलावा खरगोन, बड़वानी, धार, इंदौर, रतलाम और देवास सहित मध्यप्रदेश के अन्य जिलों तथा महाराष्ट्र के विभिन्न क्षेत्रों से चोरी की गई कुल 61 मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।
ये भी पढ़ें- खौफनाक: बेटे की चाह में मां ने एक दिन की नवजात बेटी का गला घोंटा, अस्पताल के बिस्तर पर की ये हैवानियत
तीन मिनट में बाइक का लॉक तोड़ने का दावा
पुलिस के मुताबिक, आरोपी विशाल राठौर शातिर वाहन चोर है और उसके खिलाफ मध्यप्रदेश के अलग-अलग थानों में वाहन चोरी के 11 मामले पहले से दर्ज हैं। पूछताछ में उसने कथित तौर पर बताया कि वह करीब तीन मिनट में बाइक का लॉक तोड़कर उसे चोरी कर सकता है। वहीं, दूसरे आरोपी बबलू बारेला के खिलाफ भी दो मामले दर्ज पाए गए हैं।
जंगल और सुनसान जगहों पर छिपाते थे बाइक
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी की मोटरसाइकिलों को वे तत्काल बेचने के बजाय जंगल या अन्य सुनसान स्थानों पर छिपाकर रखते थे। पर्याप्त संख्या में वाहन जमा होने के बाद खरीदारों की तलाश की जाती थी। मांग के अनुसार मोटरसाइकिलों को स्क्रैप करने, उनके पार्ट्स बेचने या पूरी बाइक बेचने का काम किया जाता था। फिलहाल दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में वाहन चोरी से जुड़े अन्य मामलों और आरोपियों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सकती है।