फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कटनी: किसना ज्वैलरी शोरूम में करोड़ों की चोरी का आरोपी कोलकाता से गिरफ्तार, सात दिन के रिमांड में होगी पूछताछ

Sun, 15 Nov 2026 10:48 PM IST
कटनी ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कटनी

किसना ज्वैलरी शोरूम में हुई 15 करोड़ 30 लाख रुपये की चोरी के मामले में कटनी पुलिस को पहली सफलता मिली है। पुलिस ने पश्चिम बंगाल के कोलकाता से आरोपी बदरुद्दीन शेख को गिरफ्तार किया है। उसे कटनी लाकर जिला न्यायालय में पेश किया गया, जहां से सात दिन की पुलिस रिमांड मिली है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर चोरी में शामिल अन्य लोगों और वारदात से जुड़े तथ्यों का पता लगा रही है।

जानकारी के अनुसार, 12 नवंबर की तड़के नकाबपोश बदमाशों ने किसना ज्वैलरी शोरूम में सेंधमारी कर डायमंड, सोने और चांदी के आभूषणों के साथ नकदी चोरी कर ली थी। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 15.30 करोड़ रुपये बताई गई है। घटना की सूचना मिलते ही एसपी अभिनय विश्वकर्मा सहित पुलिस अधिकारी, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची थी।

ये भी पढ़ें- 16 करोड़ की चोरी का झारखंड कनेक्शन, आईजी बोले- छह से सात शातिर बदमाश शामिल; तीन राज्यों में फैली टीम

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने छह विशेष टीमें गठित की थीं। इनमें से पांच टीमों को अलग-अलग राज्यों में भेजा गया, जबकि एक टीम कटनी में जांच कर रही थी। पुलिस की टीमें उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, बिहार के दानापुर, झारखंड के साहिबगंज और पश्चिम बंगाल के कोलकाता में जांच में जुटी थीं। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कोलकाता से बदरुद्दीन शेख को गिरफ्तार किया गया।

सात आरोपियों ने मिलकर दिया वारदात को अंजाम
माधवनगर थाना प्रभारी शैलेंद्र यादव के अनुसार, किसना ज्वैलरी शोरूम में चोरी की वारदात को सात आरोपियों ने मिलकर अंजाम दिया था। गिरफ्तार बदरुद्दीन शेख की रेकी और चोरी के दिन भी भूमिका होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, फिलहाल उसके पास से चोरी का कोई सामान बरामद नहीं हुआ है।

पुलिस आरोपी से सात दिन की रिमांड के दौरान पूछताछ कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में चोरी के सामान और फरार छह आरोपियों के संबंध में अहम जानकारी मिल सकती है। अब पुलिस के सामने चोरी गए 15.30 करोड़ रुपये के आभूषण और नकदी की बरामदगी के साथ बाकी आरोपियों को गिरफ्तार करने की चुनौती है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें