हरदा-बैतूल राष्ट्रीय राजमार्ग-47 (NH-47) पर ग्राम उसकली के पास नमकीन से भरे एक कंटेनर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने कंटेनर को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में कंटेनर में रखा पूरा माल जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि ड्राइवर और कंडक्टर ने समय रहते कंटेनर से कूदकर अपनी जान बचा ली।
ड्राइवर के अनुसार कंटेनर नागपुर से नमकीन का माल लेकर इंदौर की ओर जा रहा था। इसी दौरान ग्राम उसकली के पास अचानक कंटेनर में आग लगने का पता चला। आग की लपटें तेजी से बढ़ती देख ड्राइवर और कंडक्टर ने वाहन को रोककर तत्काल बाहर छलांग लगा दी। दोनों सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
ये भी पढ़ें- टीकगमढ़: पिता के हत्यारोपियों को बेल मिली तो कोर्ट में फंदे पर झूलने की कोशिश, समय रहते बचाया गया युवक
कंटेनर में नमकीन का सामान भरा होने के कारण आग तेजी से फैल गई और कुछ ही देर में कंटेनर से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के प्रयास में जुट गए। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग पर काबू पाने में मदद की। इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास किए। आग के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर लोगों की आवाजाही भी प्रभावित हुई।
कंटेनर में आग किस वजह से लगी, इसका तत्काल पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। पुलिस द्वारा घटना के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे में किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन कंटेनर और उसमें रखा पूरा नमकीन का माल जलकर राख हो गया।
नागपुर से इंदौर जा रहा था कंटेनर