बुरहानपुर जिले से आस्था को झकझोर देने वाली चोरी की हैरान कर देने वाली तस्वीर सामने आई है। शाहपुर थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल मां इच्छादेवी मंदिर में शनिवार रात तीन चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। हैरानी की बात यह रही कि चोरी करने से पहले चोरों ने माता रानी के चरण स्पर्श किए और इसके बाद मंदिर में चोरी कर फरार हो गए। पूरी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।
सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि तीनों आरोपी मंदिर परिसर में पहुंचे। चोरी करने से पहले उन्होंने मां इच्छादेवी की प्रतिमा के चरण छुए। इसके बाद आरोपियों ने माता रानी के सिर से मुकुट और छत्र निकाल लिया और उसे लेकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि मंदिर में माता रानी के नाक में सोने की लौंग और गले में सोने का मंगलसूत्र भी था, लेकिन चोर इन्हें नहीं ले जा सके।
ये भी पढ़ें- पन्ना: मझगांय बांध में बढ़ता पानी, विस्थापितों के सब्र का बांध टूटा; चिता जलाकर उठाई हक की आवाज
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि चोरों ने मंदिर में प्रवेश करते समय भी माता के चरण छुए और चोरी करने के बाद बाहर निकलते समय भी मां के चरण स्पर्श किए। आस्था और अपराध के इस अजीबोगरीब मेल ने हर किसी को हैरान कर दिया है। शाहपुर थाना प्रभारी अखिलेश मिश्रा ने बताया कि मंदिर में चोरी की घटना हुई है, जो गंभीर मामला है। पुलिस की टीम आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
घटना सामने आने के बाद क्षेत्र में भी आक्रोश और चिंता का माहौल है। मां इच्छादेवी मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है। ऐसे धार्मिक स्थल पर चोरी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज को जांच का अहम आधार बनाया गया है। पुलिस को उम्मीद है कि फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर जल्द ही आरोपियों तक पहुंचा जा सकेगा।