वृंदावन सेक्टर-6बी में शुक्रवार रात सड़क किनारे लगा एक भारी-भरकम पेड़ अचानक सड़क पर गिर गया। पेड़ के गिरने से बिजली विभाग के दो खंभे भी टूटकर सड़क पर गिर पड़े। खंभे गिरने के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गनीमत रही कि हादसे के दौरान कोई इसकी चपेट में नहीं आया। खास बात यह रही कि जिस स्थान पर बिजली के खंभे टूटकर गिरे, उसके ठीक बगल में झोपड़ी बनाकर मजदूर रह रहे थे। घटना के समय कोई बड़ा हादसा न होने से लोगों ने राहत की सांस ली। पेड़ गिरने और बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त होने से सड़क पर आवागमन भी प्रभावित हुआ।