गोंडा में सोशल मीडिया पोस्ट के विवाद में हुई विनोद साहनी की हत्या के विरोध में शुक्रवार को समाजवादी छात्र सभा और युवजन सभा के कार्यकर्ताओं ने हजरतगंज चौराहे पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने हाथों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीरें लेकर भाजपा और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए हत्याकांड में कार्रवाई की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने सभी कार्यकर्ताओं को बसों में बैठाकर ईको गार्डन भेज दिया। प्रदर्शन के दौरान हजरतगंज चौराहे पर कुछ देर तक पुलिस बल तैनात रहा।