तेलीबाग स्थित रायबरेली रोड पर साउथ सिटी पुलिस चौकी के सामने नेशनल हाईवे के मुख्य मार्ग पर बालू फैलने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क के आधे से अधिक हिस्से में बालू फैली हुई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, किसी ठेकेदार ने निर्माण कार्य के लिए मंगाई गई बालू को हाईवे पर ही उतरवा दिया था। पिछले कई दिनों से बालू सड़क पर पड़ी है और धीरे-धीरे फैलकर बड़े हिस्से में जमा हो गई है। बालू पर फिसल रहे दोपहिया वाहन सड़क पर फैली बालू से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। यहां से गुजरने वाले वाहन जब बालू के ऊपर से निकलते हैं तो उनके अनियंत्रित होकर फिसलने की आशंका रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दिन में कई बार दोपहिया वाहन चालक बालू के कारण फिसलकर गिर जाते हैं। लोगों के मुताबिक, मुख्य मार्ग पर बालू पड़े रहने से वाहन चालकों को संभलकर निकलना पड़ता है। इसके बावजूद हादसे हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने सड़क से बालू हटवाने की जरूरत जताई है, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।