रायबरेली रोड स्थित एल्डिको प्लाजा मार्केट में सीवर का पानी भरने से लोगों का चलना मुश्किल हो गया है। प्लाजा परिसर में सीवर का पानी उफनाने से चारों ओर गंदगी और बदबू फैल रही है। इससे यहां आने वाले लोगों के साथ दुकानदारों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मार्केट के व्यापारियों का कहना है कि पहले शाम के समय लोग परिवार और बच्चों के साथ यहां घूमने आते थे। खाने-पीने की दुकानों पर भी चहल-पहल रहती थी, लेकिन सीवर के पानी और दुर्गंध के कारण अब लोगों ने मार्केट में आना कम कर दिया है। व्यापारियों के मुताबिक, हालात ऐसे हो गए हैं कि खाने-पीने की कई दुकानें पूरी तरह बंद हो चुकी हैं। व्यापारियों का कहना है कि सीवर का पानी परिसर में भरने से कारोबार प्रभावित हो रहा है। गंदगी और बदबू के कारण ग्राहक रुकना पसंद नहीं करते। इससे दुकानदारों की रोजी-रोटी पर असर पड़ रहा है। स्थानीय व्यापारियों ने समस्या का स्थायी समाधान कराने की जरूरत बताई है, ताकि सीवर के पानी से निजात मिले और मार्केट में पहले जैसी रौनक लौट सके।