लखनऊ के गोमती नगर विस्तार की गीतापुरी कॉलोनी स्थित द्वारिका टावर में रविवार को शॉर्ट सर्किट के कारण दूसरी मंजिल पर बने ऑनलाइन कपड़ा गोदाम में भीषण आग लग गई। हादसे के वक्त नीचे लाइब्रेरी में कई छात्र-छात्राएं मौजूद थे। गनीमत रही कि सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सुरक्षा में भारी चूक प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस व्यावसायिक इमारत में सुरक्षा के कोई मानक नहीं थे। बाहर निकलने के लिए केवल एक ही संकरा रास्ता होने के कारण स्थिति खतरनाक हो सकती थी, हालांकि समय रहते बड़ा हादसा टल गया। इस बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर दुकानें, पहली मंजिल पर लाइब्रेरी और दूसरी मंजिल पर कपड़ा गोदाम संचालित हो रहा था। प्रशासन अब इस मामले में कमर्शियल गतिविधियों और सुरक्षा मानकों की गहराई से जांच कर रहा है।