उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा, “समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष कहूं या सपा बहादुर कहूं या फर्जी पीडीए चलाने वाली कंपनी का डायरेक्टर कहूं।” इसके साथ ही उन्होंने कहा, “सौ-सौ चूहे खाकर बिल्ली हज को चली, वही हाल अखिलेश यादव का है।” केशव प्रसाद मौर्य के इस बयान को सपा की पीडीए राजनीति पर भाजपा की ओर से किए जा रहे राजनीतिक हमले के तौर पर देखा जा रहा है। पीडीए का मतलब पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग है। अखिलेश यादव लगातार इस मुद्दे को उठाते हुए भाजपा सरकार पर इन वर्गों के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाते रहे हैं। वहीं, भाजपा नेता भी सपा की पीडीए राजनीति और अखिलेश यादव के बयानों पर सवाल उठाते रहे हैं। केशव मौर्य की इस टिप्पणी से उत्तर प्रदेश में भाजपा और सपा के बीच राजनीतिक बयानबाजी एक बार फिर चर्चा में आ गई है।