जानकीपुरम सेक्टर-एफ स्थित नगर निगम की श्री लक्ष्मण गौशाला में रविवार सुबह टीन शेड लगाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से बाराबंकी निवासी मजदूर नबी हसन (22) की मौत हो गई, जबकि उसका साथी राजू घायल हो गया। जानकारी के मुताबिक, गौशाला में मजदूर टीन शेड लगाने का काम कर रहे थे। इसी दौरान शेड में इस्तेमाल की जा रही लोहे की पाइप ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से छू गई। तेज धमाके के साथ करंट फैल गया और नबी हसन शेड से दूर जा गिरा। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राजू घायल हो गया। घटना की सूचना पर गौशाला प्रबंधक गजेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। घायल मजदूर को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इंस्पेक्टर जानकीपुरम विनोद कुमार तिवारी ने बताया कि नबी हसन के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।