बुद्ध की ज्ञान भूमि बोधगया के ऐतिहासिक महाबोधि महाविहार परिसर में पहली बार 2 से 12 दिसंबर 2026 तक 21वां अंतरराष्ट्रीय त्रिपिटक सुत्त पाठ समारोह (ITCC) आयोजित किया जा रहा है। लखनऊ के प्रेसक्लब में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अंतरराष्ट्रीय त्रिपिटक सुत्त पाठ काउंसिल के सेक्रेटरी जनरल भंते विनय रक्षित और सदस्य अमन कांबले ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि 10 दिवसीय इस समागम में 27 से अधिक देशों के लगभग 25,000 श्रद्धालु बोधिवृक्ष की छाया में एकत्र होंगे। विभिन्न देशों के संघ अपनी-अपनी मातृभाषा में त्रिपिटक का पाठ करेंगे, जिससे "भाषा अलग किंतु अर्थ एक" के माध्यम से अनेकता में एकता और विश्वशांति का संदेश दिया जाएगा। समारोह की शुरुआत 2 दिसंबर को सुबह 8 बजे अंतरराष्ट्रीय बौद्ध परिक्रमा से होगी, जिसके बाद अभिधम्मपिटक का पाठ शुरू होगा. आयोजन में 220 स्वर्ण बुद्ध प्रतिमाओं का अर्पण भी किया जाएगा।