समान शिक्षा, नशामुक्त समाज, अपराधमुक्त समाज और रोजगारपरक शिक्षा समेत विभिन्न मांगों को लेकर रविवार को दुबग्गा स्थित प्रेरणा स्थल परिसर में आत्मसम्मान रैली रविवार को आयोजित की गई। रैली में अपने महापुरुषों और स्वयं के आत्मसम्मान के लिए हजारों की बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री कौशल किशोर, मोहनलालगंज विधायक अमरेश रावत, मलिहाबाद विधायक जय देवी कौशल, मलिहाबाद ब्लॉक प्रमुख मीनू रावत और पूर्व पार्षद ताराचंद्र रावत समेत कई जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। रैली में विभिन्न सामाजिक मुद्दों को लेकर वक्ताओं ने अपने विचार रखे और समाज में शिक्षा, रोजगार तथा नशामुक्ति को बढ़ावा देने पर जोर दिया। प्रेरणा स्थल परिसर में जुटे लोगों ने महापुरुषों के विचारों को आगे बढ़ाने और समाज में समानता एवं सम्मान की भावना मजबूत करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान रैली में शामिल बीस हजार से अधिक लोगों में खासा उत्साह नजर आया।