शहर की पारंपरिक रामलीला में लंका दहन का भव्य मंचन देखने के लिए भारी भीड़ उमड़ी। हनुमान जी द्वारा लंका जलाने का दृश्य सामने आते ही रामलीला मैदान जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। आतिशबाजी के बीच सोने की लंका धू-धूकर जली तो आसमान रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठा। इस रोमांचक दृश्य को देखने के लिए दर्शक देर तक मैदान में डटे रहे। रामलीला की भव्यता के बीच रावण का दरबार भी आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। पूरे सेटअप में सबसे अधिक खर्च रावण का दरबार तैयार करने में आया है। कार्यक्रम की मीडिया प्रभारी नितेश मिश्रा ने बताया कि दशहरा के दिन राम और रावण के बीच युद्ध हाइड्रोलिक मंच पर लड़ा जाएगा। इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।