सोमवार को आरएस पुरा नागरिक समाज ने राजस्थान के जोधपुर जेल में राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के तहत बंद सोनम वांगचुक की तुरंत और बिना शर्त रिहाई की मांग को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की अध्यक्षता किशोर कुमार (चेयरमैन, सिविल सोसाइटी आरएसपुरा) ने की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरकार ने एक ऐसे व्यक्ति को कैद किया है, जिसने हमेशा देश का नाम ऊँचा किया। सोनम वांगचुक ने लद्दाख के लोगों के हक़ में आवाज़ उठाई, जो लोकतांत्रिक अधिकार है, अपराध नहीं। केंद्र सरकार को चाहिए कि वह जनभावनाओं का सम्मान करते हुए तुरंत उनकी रिहाई करे और लद्दाख के मुद्दों पर संवाद शुरू करे। उन्होंने आगे कहा कि वांगचुक का ‘अपराध’ केवल इतना है कि उन्होंने लद्दाख के मूल निवासियों के भूमि, रोजगार और राज्य के दर्जे से जुड़े अधिकारों की मांग की। वक्ताओं ने सरकार से मांग की कि सोनम वांगचुक को तुरंत रिहा किया जाए, लद्दाख हिंसा की न्यायिक जांच कराई जाए और लद्दाख के नेतृत्व से बिना शर्त वार्ता शुरू की जाए ताकि हालात सामान्य हो सकें। इस मौके पर रविंदर सिंह (उपाध्यक्ष), मोहन सिंह बल (किसान नेता), कॉमरेड मांदेव सिंह, कॉमरेड दलजीत सिंह, तिलक राज, गिरधारी लाल, बोध राज, जीत राज और ओम प्रकाश खजूरिया सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।