रियासी में नेशनल हेल्थ मिशन के तहत कार्यरत स्वास्थ्य कर्मचारियों का धरना प्रदर्शन शुक्रवार लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। मुख्य बाजार में स्थित ब्लॉक मेडिकल ऑफिस में काम करने वाले एनएचएम कर्मचारियों ने अपनी मांगों को ले धरना दिया। कर्मचारियों ने जोरदार नारेबाजी की और उनको काम के रूप में एक समान वेतन देने को कहा। वहीं इसके अलावा जिला अस्पताल परिसर में भी वीरवार दूसरे दिन जोरदार प्रदर्शन हुआ था। कर्मचारियों ने धरना देते हुए अपनी मांगों को ले नारेबाजी की। गौरतलब है कि बीते बुधवार सुबह से अस्पताल में कार्यरत एनएचएम के कर्मचारी 72 घंटों की हड़ताल शुरू कर धरने पर बैठे है। रोष जताते हुए कर्मचारियों ने कहा कि वह लोग तीन दिनों से हड़ताल पर है,लेकिन सरकार की तरफ से उनकी मांगों की तरफ कोई ध्यान नहीं दिया गया है। कोई भी अधिकारी उन के साथ बात करने नहीं पहुंचा है,वह लोग कम वेतन में अपने परिवार का पालन पोषण नहीं कर पा रहे है।