उपमंडल बंगाणा की ग्राम पंचायत बेरियां के तहत गांव कृष्णानगर वार्ड नंबर-1 में भारी बारिश ने कहर बरपाया। बारिश के चलते ओंकारी देवी पत्नी स्व. स्वरूप सिंह का रिहायशी मकान अचानक धराशायी हो गया। गनीमत यह रही कि हादसे के समय कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। जानकारी के अनुसार, ओंकारी देवी के पति का देहांत करीब एक वर्ष पहले हो चुका है। वहीं उनका बेटा भी पिछले तीन-चार साल से घर छोड़ कर कही चला गया है और अब तक घर वापस नहीं लौटा। ऐसे में ओंकारी देवी अपने घर में अकेली ही रह रही थीं। वार्ड पंच कामिनी देवी का कहना है कि जैसे ही उन्हें मकान गिरने की सूचना मिली, उन्होंने तुरंत ग्राम पंचायत प्रधान सुखदेव सिंह को इस बारे अवगत करवा दिया। पंचायत प्रधान सुखदेव सिंह ने कहा कि “इलाके के पटवारी का फोन फिलहाल बंद आ रहा है। जैसे ही उनसे संपर्क होगा, उन्हें पूरी जानकारी दे दी जाएगी, ताकि नियमानुसार राहत कार्य शुरू हो सके।” ग्रामीणों का कहना है कि अकेली महिला का आशियाना ढह जाने से वह पूरी तरह बेसहारा हो गई है। ऐसे में प्रशासन व उपतहसीलदार जोल से मांग की गई है कि पीड़िता को शीघ्र राहत और आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।